करियर

विजीलैंस डीआईजी हुए बहाल, कपिल विज प्रकरण में थे सस्पेंड

गृहमंत्री अनिल विज के भाई कपिल विज के साथ हुई कहासुनी के बाद निलंबित किए गए डीआईजी विजिलेंस अशोक कुमार को बहाल कर दिया गया हैं। एक बार फिर से उन्हें स्टेट विजिलेंस ब्यूरो अंबाला में तैनात कर दिया गया है।

बता दें कि सात फरवरी को अंबाला के सरहिंद क्लब में एक जन्मदिन की पार्टी में गृहमंत्री अनिल विज के भाई कपिल विज और डीआईजी विजिलेंस अशोक कुमार भी पहुंचे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी के बाद कपिल विज ने अशोक कुमार पर मारपीट करने और धमकी देने का केस दर्ज करवाया था। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया था कि डीआईजी अशोक कुमार को अगले ही दिन विभाग ने निलंबित कर दिया गया था। हालांकि इस प्रकरण में अशोक कुमार को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई थी, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ था। करीब 15 दिन पहले अशोक कुमार घरौंडा, नीलोखड़ी और पुंडरी के विधायक को साथ लेकर गृहमंत्री अनिल विज से मिले थे। इसके बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे थे कि यह विवाद अब खत्म हो जाएगा।